प्रियंका गांधी घर-घर घूमे या दर-दर, कांग्रेस को UP में कोई फायदा नहीं होगा : गिरिराज सिंह

गिरिराज सिंह ने कहा कि देश की जनता ने सबकी सरकारों को देखा है, लेकिन उनका विश्वास योगी, मोदी एवं भाजपा पर है.
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी घर-घर घूमे या दर-दर, इससे उनकी पार्टी (कांग्रेस) को कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि जनता का विश्वास उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर है. उत्तर प्रदेश में प्रियंका के घर-घर जाने के बारे में पूछे गये सवाल पर
केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री सिंह ने कांग्रेस एवं प्रियंका पर तंज कसते हुए कहा कि जो विकास के नाम पर शून्य हो, अब वह घर-घर घूमे या दर-दर, इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है.
जिसने(कांग्रेस) वर्षों तक शासन किया। अमेठी जो खानदानी सीट थी, वहां ज़िला कलेक्टर का ऑफिस तक नहीं खुल पाया। ये स्मृति ईरानी ने कराया है। अब ये(प्रियंका गांधी) घर-घर घूमें या दर-दर घूमें, जनता का विश्वास योगी और मोदी पर है: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, जबलपुर में pic.twitter.com/QAACXM4L5r
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 2, 2022
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने सबकी सरकारों को देखा है, लेकिन उनका विश्वास योगी, मोदी एवं भाजपा पर है.
सिंह ने गांधी-नेहरू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यह लोकतंत्र है और सबको घर-घर जाने का अधिकार है. लेकिन जिस पार्टी ने बरसों-बरस राज किया, उसने उत्तर प्रदेश की स्थिति क्या कर दी वह इस बात से ही पता चलता है कि अमेठी गांधी परिवार की खानदानी सीट रही है और वहां कांग्रेस राज में जिला कलेक्टर कार्यालय तक नहीं खुल पाया. जब भाजपा नेता स्मृति ईरानी वहां से चुनी गई, तब हमने खुलवाया.’
उन्होंने दावा किया, ‘हम उत्तर प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में 2017 से अधिक सीटें जीतेंगे और फिर से सरकार बनाएंगे.’
ये भी पढ़े:- UP विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव को झटका, पूर्व मंत्री समाजवादी पार्टी छोड़ BJP में शामिल